2. साहित्येतर अनुवाद

2.6. विज्ञापन के क्षेत्र में अनुवाद

वाणिज्य-व्यवसाय से संबंधित लेकिन प्रकृति में कुछ अलग क्षेत्र है- विज्ञापन । विज्ञापन का नयोजन ही होता है उत्पाद (Product) या माल को बेचना। इसके लिए जितना आकर्षक विज्ञापन होगा, उतना ही ग्राहक उसकी ओर खिचेंगे। आज विज्ञापनों के क्षेत्र में भी अंग्रेज़ी के अनुकरण में हिंदी चल रही है, जैसे-

Thundering cool= तूफ़ानी ठंडा

Made for each other = एक दूजे के लिए

Neighbour's envy, Owner's pride = पड़ोसियों की जले जान, आपकी बढ़े शान।

इन उदाहरणों से स्पष्ट है कि विज्ञापनों का अनुवाद विशुद्ध सूचनापरक नहीं हो सकता। यद्यपि विज्ञापनों का प्रयोजन शुद्ध व्यावसायिक होता है, किंतु इसके भाव, भाषा, शैली और अभिव्यंजना अपने व्यावसायिक उद्देश्य को छिपा कर ग्राहक को विश्वास दिलाने की कोशिश करते हैं कि वह वस्तु-विशेष ( जिसका कि विज्ञापन किया जा रहा है) ग्राहक के अपने हित में है और विज्ञापनदाता ग्राहक के सच्चे शुभसूचक ! विज्ञापनों का अनुवाद सूचना से रचना के बीच का कार्य है, अर्थात् ग्राहक को न केवल उत्पाद के गुणों के बारे में सूचित करना है बल्कि उसे उत्प्रेरित भी करना है कि वह उस वस्तु को प्राप्त करने के लिए क्रियाशील हो जाए। आजकल बैंकों के, जीवन बीमा निगम के, गृह ऋण या अन्य प्रकार के ऋण देने वाली संस्थाओं के एक से एक लुभावने विज्ञापन इसी उद्देश्य से निकाले जा रहे हैं अतएव अनुवादक को भी अपनी रचनात्मक प्रतिभा का भरपूर उपयोग करना पड़ता हैI