Section outline

  • अनुवाद सिद्धांत और व्यवहार” पाठ्यक्रम में आपका स्वागत है। यह पाठ्यक्रम एम.ए. प्रथम वर्ष के प्रथम सत्र के विद्यार्थियों के लिए निर्मित है और अनुवाद को सैद्धांतिक तथा व्यावहारिक दोनों दृष्टियों से समझने का अवसर प्रदान करता है।

    आज के वैश्विक परिदृश्य में अनुवाद केवल भाषाई रूपांतरण की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों और विचारधाराओं के बीच सेतु का कार्य करता है। ज्ञान-विज्ञान, साहित्य, मीडिया, प्रशासन, व्यापार तथा अंतरराष्ट्रीय संवाद—इन सभी क्षेत्रों में अनुवाद की महत्त्वपूर्ण भूमिका है। इसी व्यापक संदर्भ को ध्यान में रखते हुए यह पाठ्यक्रम तैयार किया गया है।

    इस पाठ्यक्रम में कुल 15 इकाइयाँ हैं, जिन्हें 5 खंडों में विभाजित किया गया है। प्रारंभिक खंड में अनुवाद के अर्थ, परिभाषा, स्वरूप और क्षेत्र का परिचय दिया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को मूलभूत सैद्धांतिक आधार प्राप्त होगा। आगे के खंडों में अनुवाद की प्रक्रिया, प्राविधियाँ, विभिन्न प्रकार, समकालीन परिप्रेक्ष्य में उसका महत्त्व तथा व्यवहारिक पक्षों का क्रमबद्ध अध्ययन कराया जाएगा।

    यह पाठ्यक्रम न केवल सिद्धांतों की जानकारी देता है, बल्कि विद्यार्थियों को व्यवहारिक अनुवाद-अभ्यास के माध्यम से उनकी भाषा-दक्षता, विश्लेषण-क्षमता और अभिव्यक्ति-कौशल को भी विकसित करने में सहायक होगा। आप यह सीखेंगे कि स्रोत भाषा के संदेश को लक्ष्य भाषा में मूल अर्थ, भाव और सांस्कृतिक संदर्भों को सुरक्षित रखते हुए किस प्रकार प्रस्तुत किया जाए।

    पाठ्यक्रम की संरचना इस प्रकार की गई है कि प्रत्येक खंड में अध्ययन-सामग्री, वीडियो व्याख्यान, अतिरिक्त पठन-सामग्री, क्विज़ तथा चर्चा मंच जैसी गतिविधियाँ सम्मिलित हैं, जिससे अधिगम प्रक्रिया सहभागितापूर्ण और परिणामोन्मुख बने।