साहित्यिक अनुवाद की प्रकृति
2. काव्यानुवाद
2.3. अलंकारों का अनुवाद
अलंकार साहित्य-मात्र का अलंकरण करते हैं, किंतु कविता में इनकी विशिष्ट भूमिका होती है। अलंकारों में अर्थालंकार का अनुवाद हो भी सकता है, लेकिन शब्दालंकारों का अनुवाद लगभग असंभव है क्योंकि शब्दालंकार शब्द पर आश्रित होता है और लक्ष्य भाषा में समतुल्य शब्द मिलना किसी चमत्कार से कम नहीं। उदाहरण के लिए यमक अलंकार को लिया जा सकता है, जो निम्नलिखित दोहे में प्रयुक्त हुआ है-
रहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून ।
पानी गए न ऊबरे, मोती मानुस, चून ॥
यहाँ 'पानी' शब्द तीन बार आया है, लेकिन तीनों बार अलग-अलग अर्थों में। अब इस दोहे का किसी भी भाषा में अनुवाद करना हो, तो 'पानी' शब्द के तीन अर्थों - आभा, प्रतिष्ठा और जल को व्यंजित करने वाला एक ही शब्द मिलना मुश्किल होगा।
इसके विपरीत अर्थालंकार या अर्थमूलक अलंकार भी अनुवादक के लिए समस्या बन सकते हैं। जैसे प्रत्येक भाषा की अपनी संस्कृति और अपनी सौंदर्य चेतना होती है, जिसे अनुवाद के माध्यम से दूसरी भाषा में रचना कठिन होता है। उदाहरण के लिए जयशंकर प्रसाद रचित 'आँसू' में नायिका का रूप-वर्णन और उसका अंग्रेजी अनुवाद देखिए-
मूल पाठ
शशि- मुख पर घूँघट डाले
आँचल में दीप छिपाये
'जीवन की गोधूली
कौतूहल से - तुम आये
अनुवाद
with a thin veil drawn
over thy lunar face
and a light radiant hidden
in thy skirts
in the ovepucular ever tide of life
thou burst on me like curiosity
यहाँ पर अनुवादक ने संध्या समय दीप प्रज्ज्वलित करने जा रही स्त्री को लक्ष्य भाषा में उतारने की पूरी कोशिश की है, लेकिन अंग्रेज़ी से जुड़ी संस्कृति में 'घूँघट', 'आँचल' आदि का प्रचलन नहीं है। इसलिए भारतीय परिवेश और परिवेष्टन की पुनर्रचना अंग्रेज़ी में नहीं हो सकी, दूसरी 'जीवन की गोधूली' में कौतूहल से आने की जो प्रक्रिया उत्पेक्षा अलंकार द्वारा व्यंजित हुई है उसका भी प्रस्तुतीकरण नहीं हो सका। इसी प्रकार रूपक अलंकार भी अनुवाद कठिन होता है। उपमा, उत्प्रेक्षा अन्योक्ति, संदेह, आदि अलंकार भी अनुवाद के लिए चुनौती बने रहते हैं। कविता, तीन शब्द शक्तियों-अभिधा, लक्षणा और व्यंजना में लक्षणा और व्यंजना-से जुड़ी रहती है। इसलिए अलंकारों का प्रयोग कविता में सर्वाधिक होता है । यहाँ तक कि जिस कविता में अलंकारों का प्रयोग नहीं हुआ हो, वहाँ भी अनुवाद के क्रम में मूल पाठ की सादगी को पुनर्रचित करना मुश्किल होता है।